समीर सागर की हत्या के बाद उसकी गर्लफ्रेंड ने उसकी मां को फोन कर दी थी जानकारी

पटना.  सुपौल के पॉलीटेक्निक के छात्र समीर सागर की हत्या के बाद उसकी गर्लफ्रेंड ने उसकी मां गीता देवी को फोन कर कहा था कि समीर की चार-पांच युवकों ने गला दबाकर हत्या कर दी है और उसकी लाश को मीठापुर बस स्टैंड के पास एक कॉलेज के पीछे नाले में डाल दिया है। मनेर के हथियाकन सराय निवासी समीर की हत्या 17 अक्टूबर को हुई थी। गर्लफ्रेंड ने समीर के पड़ोसी नवलेश को 18 अक्टूबर की सुबह फोन किया।

उसने नवलेश से कहा कि समीर की मां से बात करा दो। हत्या की खबर सुनने के बाद गीता ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इस मामले में समीर के दोस्त मिंटू के अलावा मुजफ्फरपुर की रहने वाली गर्लफ्रेंड के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। गर्लफ्रेंड के पास तीन मोबाइल नंबर हैं। सभी बंद हैं।

इधर, पुलिस मिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि समीर से उस लड़की की  दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। मिंटू की ननिहाल समीर के गांव ही में है। समीर ने बिक्रम नवोदय विद्यालय से 2016 में दसवीं पास की है। उसके पिता वीरेंद्र चौधरी मजदूरी करते हैं। समीर दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई गणेश कुमार प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करता है। उसकी दो छोटी बहनें भी हैं।

पुलिस ने बरती लापरवाही : समीर की हत्या के बाद उसका दोस्त मिंटू 18 अक्टूबर को समीर के परिजनों के साथ जक्कनपुर थाने आया था। उसने बताया था कि समीर का शव चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान के पीछे नाले में फेंक दिया गया है लेकिन पुलिस ने नोटिस नहीं लिया। पुलिस को उस गर्लफ्रेंड के तीनों नंबर मिल गए थे।

बताया जाता है कि वह लड़की मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार की है। बावजूद पुलिस की टीम रविवार को भी मुजफ्फरपुर नहीं गई है। पुलिस के पास लड़की का फोटो भी है। अगर पुलिस वहां फौरन जाती और लोगों को फोटो दिखाती तो उस लड़की की पहचान हो जाती और हत्यारों का पता चल जाता। सवाल है कि पुलिस उस नवलेश से पूछताछ क्यों नहीं की जिसके मोबाइल पर लड़की का फोन आया था। इसका मतलब नवलेश का नंबर उस लड़की के पास था और वह उसे जानती है।

दो बाइक से पीछा कर रहे थे चार युवक : सूत्रों के अनुसार मिंटू ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर को वह लड़की मुजफ्फरपुर से बस से गायघाट उतरी। समीर के साथ हम भी गायघाट बाइक से गए थे। वहां से लड़की के साथ तीनों दानापुर गए। वहां चाउमिन खाया और लौटे। रास्ते में वीर कुंवर सिंह पार्क में सेल्फी भी ली। मिंटू का कहना है कि गायघाट से ही दो बाइक पर चार युवक उनका पीछा कर रहे थे। तीनों मीठापुर बस स्टैंड आए। लड़की को मुजफ्फरपुर जाना था। बस खुलने में देर थी।
समीर लड़की के साथ कॉलेज के पीछे चला गया। करीब एक-डेढ़ घंटा के बाद लड़की लौटी और कहा कि समीर की चार-पांच युवकों ने हत्या कर दी है और लाश को नाले में फेंक दिया है। फिर वह मुजफ्फरपुर चली गई। हम बाइक से घर चले आए। उसका कहना है कि हो सकता है बाइक से पीछा कर रहे वे युवक मुजफ्फरपुर से ही आए हों पर नहीं जानते हैं।

मामा ने कहा- पुलिस समीर के हत्यारों को जल्द करे गिरफ्तार : समीर के मामा लक्ष्मण चौधरी ने कहा कि पुलिस हत्यारों को जल्द से गिरफ्तार करे। कहा- उसे उस लड़की से मिलना चाहते हैं जिसके सामने समीर की हत्या हुई। समीर की हत्या क्यों हुई नहीं मालूम है। उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। इधर एएसपी सदर सुशांत सरोज ने कहा कि पुलिस गर्ल फ्रेंड, समीर और मिंटू के मोबाइल का सीडीआर खंगालने में जुटी है। तीनों का नंबर संबंधित मोबाइल प्रोवाइडर कंपनी को दिया गया है। डिटेल्स नहीं आया है। पुलिस इस मामले का जल्द खुलासा कर देगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading