पटना. राजधानी के एक बाइकर गैंग ने फेसबुक पर जॉब का ऑफर निकाला है। राइडर्स ऑफ पटना नाइट किंग को कार व बाइक चोरी, हत्या व अपहरण करने वालों की तलाश है। इस गैंग से जुड़े संचालक ने लिखा है-जिन्हें यह सब काम करना है, वह गैंग में शामिल हो। इसे कई बाइकरों ने लाइक भी किया है।
विशाल नामक युवक ने लिखा है-हमको करना है। वहीं अाशुतोष समेत कई ने लाइक किया है। इस जॉब ऑफर से पुलिस की नींद उड़ गई है। पुलिस इस गैंग व इससे जुड़े बाइकरों की तलाश में जुट गई है। वैसे पटना पुलिस के लिए राजधानी के करीब 20 बाइकर गैंग से जुड़े दो हजार बाइकर्स सिरदर्द बने हुए हैं।
पैसा लेकर शामिल होते हैं रैली व जुलूस में : बाइकरों का ग्रुप राजधानी के हर इलाके में एक्टिव है। इनका मुख्य काम बाइक लूटना, चैन स्नैचिंग, जमीन पर कब्जा करना, मारपीट करना, रंगदारी मांगना और विरोधी बाइकर गैंग से मुकाबला करना है। लूटी गई बाइक से यह गैंग भाड़े पर राजनीतिक रैली में शामिल होता रहा है। जुलूस में भी जाता है। जो पैसा देता है, उसके साथ बाइकरों का गिरोह निकल जाता है।
सोशल साइट्स पर डालते हैं फोटो : सरगना अपना और गुर्गों का फोटो सोशल साइट्स पर भी डालता है। कोई पिस्टल, कोई रायफल तो कोई बाइक डालता है। रॉक गाने के साथ फोटो व वीडियो भी डाल देता है। बाइकर्स गैंग गिरोह में शामिल होने से इनकार करने या फिर काम नहीं करने पर युवकों की पिटाई भी करता है।
पुलिस ने इस जॉब ऑफर को गंभीरता से लिया है। बाइकर गैंग की जांच की जा रही है। जांच में जो भी शामिल पाए जाएंगे उन बाइकरों पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। -मनु महाराज, एसएसपी