
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर बालिका गृह में हुए यौन उत्पीड़न मामले में सीबीआइ ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए सीडब्ल्यूसी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही ब्रजेश ठाकुर की सबसे करीबी राजदार मधु के दो परिजनों को भी सीबीआई ने हिरासत में लिया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआइ ने अहले सुबह ही दिलीप वर्मा को उनके आवास से गिरफ्तार किया है. कहा जा रहा है कि दिलीप वर्मा से पूछताछ के बाद इस कांड से जल्द पर्दा उठ जाएगा. पटना हाईकोर्ट से मिले निर्देश के बाद सीबीआई ने सघन जांच की शुरुआत की थी.

इसके साथ ही सीबीआइ ने मुजफ्फरपुर बालिकागृह यौनशोषण कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर की राजदार मधु कुमारी की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश तेज कर दी है। सीबीआइ ने मधु कुमारी के दो परिजनों को भी हिरासत में लिया है और उनसे मधु कुमारी के ठिकानों के बारे में पूछताछ करेगी। सीबीआइ कई ठिकानों पर गुप्त छापेमारी कर रही है।

पटना हाईकोर्ट मुजफ्फरपुर बालिका गृह में नाबालिग लड़कियों के साथ हुए रेप की घटना की मॉनिटरिंग करेगा. बलिका गृह में लड़कियों के साथ हुए रेप के मामले में पटना हाईकोर्ट ने सीबीआई को नोटिस जारी करते हुए केस में अब तक की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा है.

गौरतलब हो कि कुछ दिनों पूर्व ब्रजेश ठाकुर का ड्राईवर विजय और प्रेस में काम करने वाले एक कर्मी गुड्डू की निशानदेही पर सिकंदरपुर श्मशान घाट में सीबीआई ने खुदाई करवाई थी, जहाँ मानव कंकाल बरामद किया गया था, जिसकी जाँच चल रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद कंकाल बालिका गृह से गायब लड़कियों के ही हैं। वहीं सीबीआई ने करजा निवासी गौरव उर्फ मोटू को भी रिमांड पर लिया था। बताया जाता है कि गौरव ने सीबीआई को कई अहम जानकारियाँ दी हैं जिसके आधार पर सीबीआई आगे की कार्रवाई में जुटी है।

विदित हो कि मुजफ्फरपुर स्थित बालिका गृह में रहने वाली करीब 40 लड़कियों का यौनशोषण किया गया और उन्हें शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना दी गई. इसका खुलासा टिस की रिपोर्ट से हुआ. जिसके बाद बालिका गृह के संचालक ब्रजेश ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. ब्रजेश ठाकुर संचालित बालिका गृह की पोल खुलने के बाद बिहार की समाज कल्याण मंत्री के पति की संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें मंत्रीपद से इस्तीफा देना पड़ा था. सीबीआइ इस मामले की जांच कर रही है और सुप्रीम कोर्ट ने इस कांड पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार को फटकार लगाई थी. इस मामले की सुनवाई सु्प्रीम कोर्ट में चल रही है और आज इस मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई कई ठिकानों पर गुप्त छापेमारी भी कर रही है. बता दें कि सीबीआई की टीम केस के आईओ सहित तीनों अधिकारियों के साथ केस से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.