भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में खेल से जुड़ी दो और शख्सियत शामिल हो गई हैं। महिला पहलवान बबीता फौगाट और उनके कोच और पिता महावीर फौगाट आज भाजपा से जुड़ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसका लाइव वीडियो शेयर किया गया।आपको बता दे कि इससे पहले महावीर फोगाट ने दुष्यंत चौटाला की पार्टी, जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का हाथ थामा था। उनको जेजेपी के खेल विंग का प्रधान बनाया गया था। जेजेपी के लिए यह अहम कामयाबी मानी जा रही थी।

महावीर फौगाट ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, ‘मैं और मेरी बेटी दोनों भाजपा से जुड़ने जा रहे हैं।’ 2019 लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भी भाजपा से जुड़े थे और चुनाव जीतकर सांसद भी बन चुके हैं। आपको बता दें कि हरियाणा असेंबली चुनाव अक्टूबर में होने हैं और इन दोनों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी और मजबूत हो जाएगी।
