सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुल्क पर दिल्ली सरकार का कहना है कि फीस के बोझ को कम कर करने के लिए वे एक फॉर्म्युले पर काम करने की कोशिश कर रही है।
एजुकेशन मिनिस्टर मनीष सिसोदिया का कहना है कि हम छात्रों पर शुल्क का बोझ नहीं पड़ने देंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्तमान शैक्षिक सत्र से छात्रों से ली जाने वाली बोर्ड फीस दोगुनी कर दी है।

कक्षा 10 और कक्षा 12 के जो छात्र वर्ष 2020 में बोर्ड परीक्षा देंगे उनसे दोगुनी फीस वसूली जाएगी। पांच विषयों के लिए प्रति छात्र से बोर्ड 1500 रुपये वसूलेगा। विलंब शुल्क में भी दोगुनी बढ़ोतरी की गई है।
बोर्ड के अनुसार कक्षा 10 के छात्रों के लिए पांच विषयों की फीस प्रति छात्र 1500 रुपये निर्धारित की गई है जो गत वर्ष तक 750 रुपये थी। वहीं अतिरिक्त विषय के लिए प्रति छात्र 300 रुपये फीस की गई है जो गत वर्ष तक 150 रुपये ही थी।