बिहार में आज से बदल जाएगी थानों की व्यवस्था।देखें…

#PATNA #BIHAR #INDIA : आज यानी 15 अगस्त से बिहार पुलिस की व्यवस्था बदल जाएगी। थानों से लेकर पुलिसिंग तक में बदलाव दिखे जाएंगेे। राज्य के 994 थानों में पुलिस की दो टीम नजर आएगी। एक कानून-व्यवस्था को संभालेगी तो दूसरे के जिम्मे अनुसंधान का काम होगा। थानों में दो अपर प्रभारी होंगे। यही नहीं 15 अगस्त से पुलिस जोन खत्म हो जाएंगे और उनकी जगह सिर्फ रेंज ही रह जाएंगे।

पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कई बदलाव किए गए हैं, जो स्वतंत्रता दिवस से प्रभावी होंगे। राज्य में अभी कुल 1074 थाने हैं। इनमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति और महिला थानों की संख्या 80 है। चूंकि इन थानों में सिर्फ अ’नुसंधान का काम होता है लिहाजा इनमें कार्य बंटवारे का कोई मतलब नहीं है। बचे हुए 994 थानों में कानून-व्यवस्था और अ’नुसंधान देखने के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दोनों टीमें गुरुवार से अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगी।

कानून-व्यवस्था और अनुसंधान की जिम्मेदारी में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसके लिए थानों में दो अपर प्रभारी होंगे। एक अनुसंधान तो दूसरा कानून-व्यवस्था देखेगा। इनकी तैनाती कर दी गई है। थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों के बीच भी काम का बंटवारा कर दिया गया है। सरकार द्वारा 50-50 प्रतिशत बल को दोनों इकाइयों में रखने के आदेश दिए गए हैं पर स्थानीय जरूरतों के मुताबिक 75 प्रतिशत तक अनुसंधान और 25 प्रतिशत पुलिस अधिकारी कानून-व्यवस्था के काम में लगाए जा सकते हैं।

15 अगस्त से पुलिसिंग में एक और बड़ा बदलाव नजर आएगा। जोनल आईजी के पद को समाप्त कर दिया गया है। इनकी जगह सिर्फ रेंज ही रहेगा। पटना, भागलपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर को जोन की जगह पुलिस रेंज में बदल दिया गया है। वहीं, बेगूसराय नया पुलिस रेंज बनाया गया है। यह आदेश भी गुरुवार से प्रभावी हो जाएगा।

थाना प्रभारी और सर्किल इंस्पेक्टर के पद पर अब दागदार अधिकारी तैनात नहीं होंगे। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर ऐसे 384 पुलिस अधिकारियों की छुट्टी 8 अगस्त तक कर दी गई थी। भविष्य में भी अब इन पदों पर सरकार के मापदंड में फिट नहीं बैठने वाले पुलिस अधिकारियों को तैनात नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading