भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की इंडियन आर्मी के साथ ट्रेनिंग 15 अगस्त को पूरी हो गई। धौनी विगत 31 जुलाई को अपनी विशेष ट्रेनिंग के लिए जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के साथ जुड़े थे। उन्होंने 15 अगस्त को लेह में सैनिकों के साथ भारत के 73वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। इससे एक दिन पहले धौनी लेह स्थित सेना के अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने यहां जवानों के साथ काफी वक्त बिताया। आर्मी हास्पिटल में सैनिकों के साथ बातचीत करते हुए एमएस धौनी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
एमएस धौनी ने 15 दिन के अपने इस कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में विक्टर फोर्स के साथ ट्रेनिंग की। विक्टर फोर्स आतंक प्रभावित इलाकों में काम करती है। इस दौरान धौनी की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए जिनमें वह कभी सैनिकों के साथ वॉलीबॉल खेलते हुए तो कभी अपने जूते पॉलिस करते हुए नजर आए।

धौनी से मिलकर जवान काफी खुश नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि धौनी ने अपनी स्पेशल फोर्स की ड्रेस पहनी हुई है और उनके एक हाथ में चाय और दूसरे हाथ में सैंडविच है।

इससे पहले धौनी जब लद्दाख पहुंचे तो उनका शानदार स्वागत किया गया। सैन्य अधिकारियों ने सैल्यूट के साथ गर्मजोशी से धौनी का स्वागत किया। गौरतलब है कि एमएस धौनी साल 2011 में भारत की प्रादेशिक सेना के साथ जुड़े थे। धौनी के पास वर्तमान में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि है और वह पैराशूट रेजीमेंट की 106 पैरा बटालियन के सदस्य हैं। धौनी एक क्वालीफाइड पैराट्रूपर भी हैं।

उन्होंने सेना की आगरा स्थित पैराशूट ट्रेनिंग सेंटर से सर्टिफिकेट हासिल किया है। वह अब तक 5 पैराशूट ट्रेनिंग जंप कर चुके हैं। धौनी ने विश्व कप के बाद क्रिकेट से छुट्टी लेकर सेना के साथ ट्रेनिंग के लिए जुड़ने का निर्णय लिया था।
