टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इन दिनों ऑरेंज कलर की लैम्बॉर्गिनी कार से घूम रहे हैं। हार्दिक और क्रुणाल बांद्रा में एक जिम के बाहर ऑरेंज कलर की लैम्बॉर्गिनी कार के साथ देखे गए। इस कार के साथ दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। हार्दिक पांड्या फिलहाल आराम कर रहे हैं और भारतीय टीम के साथ वेस्ट इंडीज दौरे पर नहीं गए हैं।

हार्दिक ने विश्व कप में टीम इंडिया के लिए सभी 9 मैच खेले थे। उन्होंने 226 रन बनाने के अलावा 10 विकेट लिए थे। इसके बाद उन्हें तीनों फॉर्मेट के लिए वेस्ट इंडीज दौरे से आराम दिया गया था। हालांकि उनके भाई क्रुणाल को टी20 टीम में जगह मिली थी। पांड्या भाई जिस लैम्बॉर्गिनी कार में घूमते हुए देखे जा रहे हैं उसकी कीमत 3-5 करोड़ रुपए के करीब बताई जा रही है। यह गाड़ी काफी हाईटेक है और इसका इंटीरियर भी काफी जबरदस्त है। इस कंवर्टिबल कार में दो लोगों के बैठने की जगह है।

इसका इंजन 515 से 544 किलोवॉट हॉर्सपावर का है। पेट्रोल से चलने वाली इस गाड़ी के फ्यूल टैंक की क्षमता 90 लीटर है। यह 5-7 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है। अगर पांड्या भाइयों ने यह कार खरीद ली है तो यह भारतीय क्रिकेटरों में सबसे महंगी कार होगी। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के पास सबसे महंगी गाड़ी पौने 3 करोड़ रुपये की है। वहीं, कार और बाइक्स के शौकीन एमएस धौनी ने हाल में जीप की ग्रैंड शेरोकी एसयूवी खरीदी है जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए से थोड़ा ज्यादा है।
