फतुहा. रविवार की रात छोटी लाइन बाजार में पैट्रोलिंग के दौरान एक किराना दुकान के आगे लगे बल्ब को चुराते एक पुलिसकर्मी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में पुलिसकर्मी का चेहरा भी स्पष्ट है। फुटेज का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार की सुबह से ही तेजी से वायरल होने लगा।
हालांकि फुटेज में आए वीडियो की पुष्टि स्थानीय पुलिस प्रशासन नहीं कर रहा है लेकिन यह घटना सीसीटीवी में वारदात के साथ कैद है तथा फुटेज में पुलिसकर्मी द्वारा बल्ब खोलते तथा गमछी में छिपाते पूरी वारदात कैद है।
थानाध्यक्ष नंदजी प्रसाद ने इस संबंध में कहा कि फुटेज के आधार पर पुलिसकर्मी की पहचान की जा रही है, पहचान के बाद ही उस पर आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग को सूचित किया जाएगा। रविवार की रात जागरण कार्यक्रम में तैनाती के लिए पटना लाइन से पुलिस बल को बुलाया गया था। दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि बल्ब चोरी होने के बाद सीसीटीवी की जांच की तो पता चला।
मामले में दोषी पुलिसकर्मी की पहचान कर निलंबित किया जाएगा और उसके खिलाफ फतुहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।- मनु महाराज, एसएसपी