
MUNGER : कल बीते सोमवार को एके 47 से संबंधित दर्ज छह मामलों का चार्ज एनआइए को नहीं सौंपा जा सका। ऐसे में यह उम्मीद की जा रही है कि आज मंगलवार को एनआइए केस का चार्ज मुंगेर पुलिस से ले लेगी।
बताया जाता है कि इन मामलों का का चार्ज लेने के बाद एनआइए की टीम दर्ज एफआइआर, आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान, कांड के आइओ की केस डायरी और डीआइजी द्वारा दिए गए पर्यवेक्षण रिपोर्ट का अवलोकन करेगी। इसके बाद उसके आधार पर अपना अनुसंधान आगे बढ़ाएगी।

बताया जाता है कि पुलिस रिमांड पर लेने के बाद मंजर खान, शमशेर, इमरान आदि ने पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। गया और औरंगाबाद सहित कई जिलों में बंदूक की दुकान चलाने वाले कई लोगों ने एके 47 राइफल की खरीद की। वहीं हथियार तस्करों ने पुलिस के समक्ष दिए अपने बयान में एक विधायक को भी एके-47 बेचे जाने की बात कही है।

ऐसे में एनआइए इस बिंदु पर जांच करेगी कि क्या सचमुच में विधायक ने एके-47 की खरीद की या पुलिस को गुमराह करने के लिए मंजर व अन्य आरोपितों ने विधायक का नाम ले लिया। लेकिन हथियार तस्करों के मोबाइल नंबर के सीडीआर से एक नेता की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में जब एनआइए जांच का जिम्मा संभालेगी, तो नेता की भूमिका की नए सिरे से जांच की जाएगी।

इधर, सोमवार को एनआइए की टीम ने मुफस्सिल और जमालपुर थाना में दर्ज मामलों की जानकारी ली। टीम ने एसपी सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। एनआइए की टीम दो बार मुफस्सिल थाना भी गई। इस दौरान टीम ने अपने स्तर से केस से संबंधित जानकारी एकत्रित की।