#PATNA #BIHAR #INDIA : अब नगर निगम के सफाई कर्मी पैदल नहीं चलेंगे। उन्हें सफाई के दौरान एक से दूसरे स्थान जाने के लिए साइकिल दिया जाएगा। नगर निगम ने जैम पोर्टल से पांच हजार साइकिल खरीद की तैयारी की है। प्रत्येक साइकिल पर 4500 रुपए खर्च किया जाएगा। इसके अलावा 11 तरह के सफाई उपकरणों की फिर से खरीद होगी। 7.88 करोड़ की लागत से चार सड़क स्वीपिंग मशीन, 1.45 और 1.87 करोड़ की लागत से दो तरह के 15 कचरा से कंपोस्ट बनाने वाली मशीन, 23 करोड़ की लागत से दो हजार मॉड्यूलर शौचालय, 6.26 करोड़ की लागत से मोबाइल शौचालय, 4.85 करोड़ की लागत से 75 फॉगिग मशीन, सड़क सफाई के लिए 7.35 करोड़ की लागत से बैट्री चालित औद्योगिक मशीन, घरों में बांटने के लिए एक लाख डस्टबिन की खरीद की जाएगी। निगम बोर्ड की बैठक में मंगलवार को इन प्रस्तावों पर मुहर लग जाएगी।

मेयर सीता साहू ने लगभग तीन महीने बाद सोमवार को निगम बोर्ड की बैठक बुलाई थी। अविश्वास प्रस्ताव के बाद महापौर और नये उपमहापौर बैठक में पहुंचे। बैठक शुरू होने ही वाली थी कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के निधन की खबर मिल गई। महापौर ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी और बैठक को स्थगित कर दिया गया। अगली बैठक मंगलवार को होगी।

इधर, बैठक स्थगित करने के ठीक अगले ही दिन दोबारा बैठक बुलाने को लेकर पूर्व महापौर विनय कुमार ने नियम विरुद्ध बताया है। कहा कि राजकीय शोक की स्थिति में बैठक स्थगित होने पर तीन दिन के बाद ही बुलाई जा सकती है। महापौर सीता साहू ने कहा है कि कोरम पूरा नहीं होने की स्थिति में बैठक स्थगित नहीं की गई है। यदि 30 से कम पार्षद उपस्थित रहते तो बैठक स्थगित होने पर इस तरह का नियम है। 56 पार्षद बैठक में उपस्थित हो चुके थे। इस कारण बैठक मंगलवार को ही अपने निर्धारित समय पर होगी। स्थायी समिति के सदस्य इंद्रदीप चंद्रवंशी ने कहा है कि फिर से कोरम की जानकारी लिये बिना विनय कुमार गलत बयानबाजी कर रहे हैं।