PATNA : अब प्रेम कुमार ने कहा, बदल देना चाहिए बख्तियारपुर का नाम

PATNA : बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के मुद्दे पर बिहार सरकार के मंत्री खुल कर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के समर्थन में आ गये हैं। नीतीश सरकार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि गिरिराज सिंह ने सही मांग की है। आजादी के पहले मुगलों और अंग्रेजों के नाम पर कई शहर और रेलवे स्टेशन हैं। उनके नाम को बदलने की जरूरत है। केन्द्र की भाजपा सरकार इसे बदल भी रही है। प्रेम कुमार ने बख्तियारपुर समेत अन्य ऐसे जगहों के नाम को बदलने की वकालत की। उन्होंने कहा कि सहयोगी दल के नेताओं को नाम बदलने को लेकर अगर कोई आपत्ति है तो यह उनकी सोच हो सकती है। लोकतंत्र में सबको बोलने का अधिकार है।

जब गिरिराज सिंह ने बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की बात कही थी तब जदयू के संजय सिंह और श्याम रजक ने इस पर आपत्ति जतायी थी। जदयू नेताओं ने गिरिराज सिंह पर हमला बोलते हुए कहा था कि इनको नाम बदलने की जगह विकास के काम पर ध्यान देना चाहिए। ऐसे कुछ लोग चेहरा चमकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं। जदयू की आपत्ति पर प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में सबको बोलने का अधिकार है। हम भी अपनी बात कह रहे हैं। सहयोगी दल भी अपनी बात कह रहे हैं। बख्तियारपुर स्टेशन का नाम बदलने के लिए क्या राज्य सरकार प्रस्ताव लाएगी ?  इस सवाल पर प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार में तीन दल मिल कर सरकार चला रहे हैं। एक दल कोई फैसला नहीं कर सकता। समय का इंतजार कीजिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.