
BULANDSHAHAR : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद राहुल यादव को कृषि भूमि खरीदने के मामले में स्टांप व निबंधन विभाग ने नोटिस जारी किया है। समाजवादी पार्टी के एमएलसी जितेंद्र यादव के पुत्र राहुल यादव लालू प्रसाद यादव के दामाद हैं। उन्होंने पिछला विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर सिकंदराबाद विस क्षेत्र से लड़ा था, लेकिन हार गए थे। पिछले दिनों उन्होंने सिकंदराबाद देहात क्षेत्र में कृषि भूमि खरीदने की प्रक्रिया शुरू की थी। एआइजी स्टांप एसके सिंह के कार्यालय में बैनामे के कागजात की जांच में पाया गया कि इसमें करीब एक करोड़ रुपये के स्टांप कम लगे हैं।

इस संबंध में एआइजी स्टांप की ओर से गाजियाबाद निवासी राहुल यादव को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में राहुल यादव से संपर्क नहीं हो सका। उनके पिता एमएलसी जितेंद्र यादव ने बताया कि एआइजी स्टांप कार्यालय की ओर से कम स्टांप लगाने का नोटिस प्राप्त हुआ है। उसमें कितने का स्टांप कम लगा है, इसका जिक्र नहीं है। नियमानुसार सभी तथ्य देख आवश्यक कार्यवाही की जाएगी ।