
MUZAFFARPUR : अपने विवादित बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर मुजफ्फपुर में परिवाद दायर किया गया है. गिरिराज सिंह पर यह परिवाद एक सामाजिक कार्यकर्ता ने SDJM की कोर्ट में दायर कराया है. आज मंगलवार 23 अक्टूबर को यह परिवाद दायर कराया गया है. साथ ही मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर कोर्ट ने सुनवाई के लिए तारीख भी मंजूर कर दी है. कोर्ट में अगले 3 नवंबर को मामले की सुनवाई होगी.
मिली जानकारी के अनुसार मामला गिरिराज सिंह द्वारा देश के मुस्लिमों को भगवान राम का वंशज बताने से जुड़ा है. उनके इसी बयान पर मुजफ्फरपुर के एक सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है. परिवाद मुजफ्फरपुर के SDJM सबा आलम की कोर्ट में दायर किया गया है.
गौरतलब है कि नवादा सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह बीते रविवार को बागपत में थे. बागपत में आयोजित सभा में उन्होंने भारत के मुसलमानों को श्रीराम का वंशज बताते हुए कहा कि वे सब राम मंदिर का विरोध न करें. वे खुलकर मंदिर के समर्थन में आ जाएं. विरोध करने से देश का एक बड़ा तबका नाराज हो जाएगा, जो समाज के लिए कहीं से ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि देश का बड़ा तबका हिंदू समाज आपसे नफरत करने लगेगा. इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश में राम मंदिर निर्माण के साथ जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने की मांग भी केंद्र सरकार से की.
मालूम हो कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के यूपी के तर्ज पर बिहार के शहरों का भी नाम बदलने की मांग पर अब सियासत तेज हो गई है. राजद के साथ-साथ नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने भी इसपर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. जदयू नेता संजय सिंह ने कहा है कि इस तरह के बेतुके बयान का क्या मतलब है? इस तरह की मांग कर गिरिराज सिंह क्या साबित करना चाहते हैं? बिहार के किसी जिले का नाम बदलने का सवाल ही नहीं उठता.