#PATNA #BIHAR #INDIA : न्यू सचिवालय के विकास भवन के पास अब ईको पार्क का मुख्य गेट होगा। पथ निर्माण विभाग के मंत्री नंदकिशोर यादव के आवास के सामने वाला ईको पार्क का गेट बंद कर दिया जाएगा। विकास भवन के सामने दो एकड़ में पार्किंग होगी।
रविवार को विकास भवन के आसपास बने पक्के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। पुनाईचक स्थित सचिवालय गेट के पास काली मंदिर के पीछे से सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। यहां स्थित सुधा बूथ को ध्वस्त कर दिया गया। विकास भवन के पास करीब 40 झोपड़पट्िटयों में लोग रह रहे थे। यहां छह मॉडल शौचालय भी बनाए गए थे। डीएम ने वहां से शौचालय हटाने को कहा। करीब दो एकड़ एरिया में झोपड़पट्िटयों के अलावा होटल, फोटो स्टेट, मिठाई, चाय-पानी की दुकानें थीं। जानकारों का कहना था कि कुछ सफेदपोश लोग लंबे समय से यहां अतिक्रमण किए हुए थे तथा इससे उनकी कमाई भी होती थी। इस इलाके में कोई अतिक्रमण हटाने का प्रयास नहीं किया गया। एक बार हुआ भी था तो स्थानीय दुकानदारों ने पथराव कर अभियान को फेल कर दिया।

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया लेकिन ये नहीं हटे। जब पटना उच्च न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हुआ तो अब लोग अपने-अपने सामान के साथ स्वयं हटने लगे हैं। आयुक्त आनंद किशोर और डीएम कुमार रवि का कहना था कि ईको पार्क के पास वाहन खड़ा किए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। अतिक्रमित क्षेत्र में पार्किंग बनने के बाद यह समस्या नहीं रहेगी। पुनाईचक मोड़ के सामने काली मंदिर व विकास भवन के पास बने मंदिर को नहीं हटाया जाएगा।
पटना। आयकर गोलंबर से डाकबंगला तक सड़क चौड़ी होगी। रविवार की शाम प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर और डीएम कुमार रवि ने इस इलाके का निरीक्षण किया। इनकम टैक्स से आगे सोना मेडिकल, आदित्य विजन के सामने वाले लिंक रोड और बेली रोड को मिलाकर चौड़ा किया जाएगा।

मौर्या कॉम्प्लेक्स के पास भूमिगत पाथ वे पर सहमति
मौर्या कॉम्प्लेक्स के पास भूमिगत पाथ-वे बनाने पर भी सहमति जताई गई। आयुक्त ने पथ निर्माण विभाग के इंजीनियरों को निर्देश दिया कि वे इस संबंध में एक-दो दिनों में एक बेहतर प्रस्ताव दें। डीएम ने बताया कि आयकर गोलंबर से डाकबंगला तक के इलाके को और सुंदर किया जाएगा।
तीन संस्थानों के खिलाफ एफआईआर
बोरिंग रोड में सरकारी जमीन को अतिक्रमित करने के मामले में प्रशासन ने तीन संस्थानों पर एसके पुरी थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। मजिस्ट्रेट जावेद अहमद की ओर से थाने में ज्योतिपुंज हॉस्पिटल, कार्लो आटो मोबाइल कंपनी और पेट्रोल पंप के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करायी गयी है। मजिस्ट्रेट ने बताया कि तीनों पर आरोप है कि सरकारी भूमि पर अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए रैंप बना दिया गया था। इससे बोरिंग रोड में यातायात बाधित हो रहा था। तीनों संस्थानों को 2018 में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नोटिस दिया गया था, इसके बाद भी अतिक्रमित क्षेत्र को खाली नहीं किया गया।