डोनाल्ड ट्रम्प ने किया ट्वीट, लिखा- मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक शानदार मुलाकात हुई…

फ्रांस के बिआरित्ज में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच कश्मीर मुद्दे पर बात हुई और दोनों देशों ने स्पष्ट कहा कि कश्मीर का मुद्दा भारत और पाकिस्तान का द्विपक्षीय मसला है और ये दोनों देश ही आपस में सुलझाएंगे।

इस मुलाकात के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक ट्वीट किया और कहा कि दोस्त नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात काफी अच्छी रही। जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया और लिखा- दोस्त मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक शानदार मुलाकात हुई।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता की गुंजाइश को सोमवार को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय रूप से सभी मुद्दों पर चर्चा कर समाधान कर सकते हैं और “हम किसी तीसरे देश को कष्ट नहीं देना चाहते।”अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बगल में बैठकर मीडिया से बातचीत के दौरान मोदी ने यह टिप्पणी की।

ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले कहा था कि वह फ्रांसीसी शहर बिआरित्ज में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर कश्मीर मुद्दे पर चर्चा करेंगे। ट्रंप ने हाल में कश्मीर पर भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता की पेशकश की थी। पीएम मोदी ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच कई द्विपक्षीय मुद्दे हैं और हम किसी तीसरे देश को कष्ट नहीं देना चाहते। हम द्विपक्षीय रूप से इन मुद्दों पर चर्चा कर इनका समाधान कर सकते हैं।” मोदी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान 1947 से पहले साथ थे और उन्हें विश्वास है कि दोनों पड़ोसी अपनी समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान कर सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.