रेल यात्रा के दौ’रान अपने अतिरिक्त भोजन को यात्री जरूरतमंदों को दे सकेंगे। इसके लिए वे अपने बचे खाने को स्टेशनों पर रखे फ्रिज में रखेंगे। पटना जंक्शन पर जल्द ही यह सुविधा मिलेगी। फिलहाल यह सुविधा रेलवे द्वारा कर्नाटक के हुबली स्टेशन पर शुरू की गई है। इस योजना की सफलता से उत्साहित होकर रेलवे द्वारा अन्य जोन के स्टेशनों पर भी यह व्यवस्था शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

पटना जंक्शन के एक वरीय रेल अधिकारी ने बताया कि खाना बांटने में अभी रेल यात्रियों को ही प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसी व्यवस्था रेलवे द्वारा अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पहले यह व्यवस्था ए और ए1 ग्रेड के स्टेशनों पर शुरू होगी। पटना जंक्शन ए1 ग्रेड प्राप्त स्टेशन है।
अधिकारी ने बताया कि फ्रिज लगभग छह फुट ऊंचाई की होगी। इसमें दो रैक तैयार खाने के लिए तथा नीचे की रैक फल, सब्जी आदि के लिए हैं। ऐसे यात्री जो अपने साथ अतिरिक्त खाना ले जा रहे हैं, और उसे फेंकना नहीं चाह रहे हैं तो इस फ्रिज का इस्तेमाल कर सकते हैं।हुबली में इसके लिए दो बड़े आकार के फ्रिज रखे गए हैं।
उनमें रेल यात्री और फूड कोर्ट के कर्मी अपने बचे खाने को रखते हैं। आद में जरूरतमंदों के बीच उसे बांट दिया जाता है। इस खाने को वरीय नागरिकों, दिव्यागों और बीमार रेल यात्रियों को बांटा जा रहा है।


