
BEGUSARAI : नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के चरिया मनिकपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की देर रात सोये अवस्था में महिला को धारदार हथियार से सिर पर प्रहार से घायल कर दिया. घायल महिला की मौत इलाज के दौरान बुधवार को हो गई. महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था. महिला के अंतिम सांस लेते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया.
बताते चलें कि हमले के बाद महिला की चीखने पर परिवार वालों की नींद टूटी और जबतक लोग जुटे तबतक वह खून से लथपथ हो चुकी थी. परिवार के लोगोंं के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिंटू कुमार झा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला चेरिया मणिकपुर निवासी अशोक यादव की पत्नी 30 वर्षीय सीता देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गयी. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया. नगर थाना की पुलिस ने पीड़ित परिवार का फर्द बयान दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु नीमाचांदपुरा थाना को भेज दिया है.

इधर, नीमाचांदपुरा थानाध्यक्ष सिंटू कुमार झा ने बताया कि पीड़ित परिवार ने किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं होने की बात बतायी है. ऐसे में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है. बताया जाता है कि मृतका के पति मंगलवार को ही परदेस जाने हेतु ट्रेन से रवाना हुआ. रात्रि घटना की जानकारी मिलने पर पुन: वापस लौट आया. पुलिस सूत्रों की मानें तो महिला ने पहला पति को छोड़कर कुछ वर्षों पूर्व अपने प्रेमी से अंतरजातीय शादी की थी.
महिला मायके में ही घर बनाकर पति के साथ रहती थी. उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. सूत्रों का मानना है कि महादलित परिवार की महिला ने यदुवंशी परिवार में प्रेम विवाह किया था. जो प्रेमी पति के परिजनों को मंजूर नहीं था. दोनों को अलग करने के लिए सामाजिक दबाव भी बनाया. लेकिन दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे. पुलिस हरेक बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.