#FARIDABAD #HARYANA #INDIA : बल्लभगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सब्जी मंडी के पास ट्रैफिक चेकिंग में ट्रैफिक पुलिस ने पटाखे की आवाज निकाल रहीं दो बुलेट मोटरसाइकिलों के चालान कर दिए। एक मोटरसाइकिल का चालान 41 हजार रुपये का हुआ है। जबकि दूसरी मोटरसाइकिल का 40 हजार रुपये का। पुलिस ने ये चालान तीन सितंबर को किए थे।

बल्लभगढ़ बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी खेमचंद तीन सितंबर को ट्रैफिक चेकिंग कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के दौरान दो बुलेट मोटरसाइकिलें रुकवा लीं। दोनों मोटरसाइकिलें पटाखे की आवाज निकाल रहीं थीं। इस पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल सवारों से कागजात मांगे। मगर, वे कोई कागजात पेश नहीं कर पाए। इस पर एक मोटरसाइकिल का चालान 41 हजार रुपये का हो गया तो दूसरी का 40 हजार रुपये का। इनमें से एक बाइक पर तीन युवक सवार थे। पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवारों से डीएल, आरसी, बीमा, प्रदूषण जांच का प्रमाणपत्र आदि मांगे गए थे। मगर, वे कागजात नहीं दे सके।

पुलिस के कहने के बावजूद अपनी बाइक नहीं रोक रहे थे। उनकी मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट पर मानक के अनुरूप पंजीकरण नंबर नहीं लिखे हुए थे। पटाखे की आवाज करने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगता है। उन्होंने बताया कि जिस मोटरसाइकिल सवार का 40 हजार रुपये का चालान हुआ है। कागजात दिखाने पर उसका चालान 21,300 रुपये का हुआ है। वहीं जिस मोटरसाइकिल सवार का 41 हजार रुपये का चालान हुआ है। उसकी मोटरसाकिल फिलहाल थाने में खड़ी है। बीके चौक पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी गुरुवार शाम को ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को नियमों बारे में समझाया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बताया कि आज अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाने के लिए बोला है।