#PATNA #BIHAR #INDIA : बिहार सहित देशभर में बुधवार से प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता का महाभियान शुरू होगा। इसका आगाज बुधवार को यूपी के मथुरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी के साथ देश में स्वच्छता ही सेवा माह की शुरुआत हो जाएगी। इसी सिलसिले में केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्य सचिवों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से बात की।

निर्देश दिया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को हतोत्साहित करें। इसके लिए जागरूकता फैलाने के साथ ही प्लास्टिक के कलेक्शन केंद्र शहरी और ग्रामीण निकायों में विकसित किए जाएं।कॉन्फ्रेंसिंग में प्लास्टिक के खिलाफ शुरू होने वाली मुहिम का पूरा खाका बताया गया। कहा कि इसमें नगर विकास एवं आवास के अलावा ग्रामीण विकास विभाग की मुख्य भूमिका है। शहर से गांव तक प्लास्टिक के प्रयोग के खिलाफ जनजागरण करना है। कहा गया कि 11 सितंबर से एक अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाकर जनजागरूकता फैलाई जाए। फिर वार्ड स्तर पर प्लास्टिक को इकट्ठा किया जाए। फिर उसे निकायों के कलेक्शन सेंटर तक पहुंचाया जाएगा। प्लास्टिक को अलग करके उसकी री-साइकिलिंग होगी। बाकी को सड़क निर्माण व दूसरे कामों में प्रयोग किया जाएगा। जनजागरण अभियान के बाद प्लाटिक की जब्ती होगी।

कैबिनेट सचिव संग कई विभागों के केंद्रीय अधिकारी वीसी में थे। इधर, मुख्य सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, पीएचईडी के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव मौजूद रहे।

बिहार के सभी शहरों में तीन से 27 अक्टूबर के बीच प्लास्टिक सामग्री के संग्रहण, प्रसंस्करण के साथ ही प्लास्टिक मुक्त दीपावली की तैयारी की जाएगी। इसके तहत तीन से सात अक्टूबर तक सभी वार्डों से प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर निकाय के कलेक्शन सेंटर तक लाया जाएगा। छह से 10 अक्टूबर के बीच री-साइकिल होने वाले और न होने वाले प्लास्टिक को अलग किया जाएगा। वहीं 11 से 27 अक्टूबर तक सारे प्लास्टिक को री-साइकिल के लिए संबंधित उद्योगों को भेज दिया जाएगा।

बिहार में प्लास्टिक कैरीबैग पहले ही प्रतिबंधित हो चुका है। अब सिंगल यूज्ड प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए निकायों को निर्देश जारी किए हैं।