कर्मचारियों के पीएफ उनके खाते में डालने में देरी पर सरकार हुई सख्त

कंपनियों की तरफ से कर्मचारियों के पीएफ की रकम उनके खाते में डालने में देरी पर सरकार सख्त हो गई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ ने एक नई केंद्रीयकृत व्यवस्था तैयार की है, जिसके बाद हर माह रकम खाते में न जमा होने पर कंपनी और कर्मचारी दोनों को एसएमएस भेजकर अलर्ट किया जाएगा।

सूत्रों ने हिन्दुस्तान को जानकारी दी है कि अगर कंपनी ने तीसरे महीने भी पीएफ नहीं जमा किया तो लिखित में इसकी शिकायत की जाएगी। कंपनी को बकाया पीएफ रकम के साथ उसका ब्याज भी कर्मचारी के खाते में जमा करना होगा। कंपनियों ने दो रिमाइंडरों के बाद कर्मचारी के खाते में पैसा भेजना शुरू नहीं किया तो फिर मामला जांच के दायरे में आ जाएगा।


हालांकि नई व्यवस्था में साफ किया गया है कि निरीक्षक सिर्फ ऐसे मामलों में ही जांच के लिए जाएगा,जहां लगातार तीन महीने तक देरी की गई हो या फिर पीएफ की रकम खाते में न जमा की गई हो। निरीक्षकों को निर्देश है कि किसी पुख्ता आधार और प्रमाण के बिना छापेमारी कतई न करें। छापेमारी के पहले वरिष्ठ अफसरों की मंजूरी जरूरी होगी।

सूत्रों ने जानकारी दी कि कारोबार में आसानी को बढ़ावा देने के मकसद से निरीक्षकों के लिए नए नियम बनाए गए हैं। कंपनियों ने पहले भी इसको लेकर नियम बनाने की मांग की थी। बार-बार छापेमारी के चलते उन्हें कारोबारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और जांच के बाद उनके खिलाफ कोई गड़बड़ी भी नहीं मिलती है। ऐसे में अब छापे मारने से पहले उसके लिए जरूरी साक्ष्य जुटाना आवश्यक किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.