#PATNA : #DM खुद उतरे सड़क पर, समझाया लोगों को ट्रैफिक का नियम

#PATNA #BIHAR #INDIA : दिन के साढ़े ग्यारह बजे रहे थे। राजाबाजार के शंकर प्रसाद बाइक से घर का सामान खरीदने एग्जीबिशन रोड जा रहे थे। आयकर गोलंबर के पास पुलिस को देख उन्हें बाइक रोक दी। सामने डीएम कुमार रवि दल-बल के साथ थे। डीएम को बाइक के नजदीक आते देख शंकर प्रसाद को लगा कि आज तो चालान कटना तय है, लेकिन डीएम ने बाइक के पीछे बैठे व्यक्ति से पूछा कि आप बगैर हेलमेट के क्यों हैं। क्यों आप अपनी जान जोखि’म में डाल रहे हैं। शंकर प्रसाद ने माना की उनसे गलती हुई है। पीछे बैठने वाले को उन्होंने हेलमेट नहीं दिया। डीएम ने एक नई हेलमेट देकर कहा कि इसे पहनने की आदत डालिए।

थोड़ी देर में स्कूटी पर पीछे अपनी बेटी को बैठाए एक व्यक्ति पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठी लड़की कार्मेल हाईस्कूल की छात्रा थी। डीएम ने पूछा स्कूल में सड़क सुरक्षा की जानकारी नहीं दी जाती है क्या? छात्रा बोली अंकल दी जाती है। डीएम ने कहा, कोई बात नहीं एक हेलमेट मेरी ओर से ले लो। भविष्य में हेलमेट पहनकर ही गाड़ी पर निकलना। जिंदगी बहुत ही मूल्यवान है। इसी तरह बेली रोड पर बिहार म्यूजियम, हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर के पास 12 लोगों को हेलमेट दिए गए।

शहर में कई जगहों पर जिला प्रशासन की ओर नए यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुरू किए गए अभियान के पहले दिन सोमवार को अधिकारी खुद सड़क पर उतरे थे। लोगों को हेलमेट और पंफलेट दिए गए। पंफलेट में दो पहिया वाहन चालक को हेलमेट, चार पहिया वाहन चालक को सीट बेल्ट लगाने का सुझाव दिया गया था। इसके अलावा सड़क पर लगाए गए मार्क एवं साइन का भी अनुपालन करने की सलाह पंफलेट में थी।

डीएम ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को कहा है कि पेट्रोल डीजल देने वाले कर्मचारी लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट बांधने को कहें। पेट्रोल पंप मालिकों को भी जागरूकता अभियान में शामिल किया गया है। अपने-अपने पेट्रोल पंप पर जागरूकता से संबंधित पोस्टर लगा सकते हैं। यदि कोई बगैर हेलमेट का पेट्रोल लेने आता है तो उसे समझाएं कि ऐसा न करें। इसी प्रकार चार पहिया वाहन मालिकों को भी जागरूक करें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading