बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की किस्मत इन दिनों सातवें आसमान पर है। साल 2017 में जहां उन्होंने शुभ मंगल सावधान जैसी फिल्म में काम किया तो वहीं 2018 में उन्होंने अंधाधुन और बधाई हो जैसी धमाकेदार फिल्में देकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

आयुष्मान का यह शानदार सफर इस साल भी जारी है। आर्टिकल 15 से सुर्खियां बटोरने के बाद अब एक्टर ड्रीम गर्ल से धमाल मचा रहे हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। एक के बाद एक हिट फिल्में देने के बाद आयुष्मान को ढेरों फिल्मों के ऑफर आ रहे हैं।

आयुष्मान ने बताया कि ड्रीम गर्ल के बाद अभी मैंने कोई भी नया प्रोजेक्ट साइन नहीं किया है। हालांकि मेरे पास ऑफर्स की भरमार है लेकिन मैं हड़बड़ाना नहीं चाहता हूं। मैं कुछ हटकर करना चाहूंगा। लगातार मिल रही सफलता के सीक्रेट के बारे में आयुष्मान ने कहा, मैं बिना डरे अपने दिल की सुनता हूं। मैं वही इंसान हूं जो शुरू में था।