#ARRAH #BIHAR #INDIA : दुर्गापूजा को ले जिले भर में पूजा समितियों में उत्साह देखा जा रहा है। हर पूजा कमेटी में बेहतर पंडाल व प्रतिमा का निर्माण कर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ मची है। शहर में इस बार अनाइठ मठिया के समीप श्री श्री दुर्गा पूजा जन कल्याण समिति द्वारा अयोध्या के न्यू मंदिर की तर्ज पर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। आकर्षक और भव्य पंडाल की खासियत यह है कि पंडाल में लगने वाली लाइट आकर्षक छटा बिखरेगी। इसके अलावा यहां श्रद्धालुओं को भगवान गणेश प्रसाद वितरण करते दिखेंगे। विशेष तौर पर गणेश जी की प्रतिमा बनायी गयी है। पूजा समिति की मानें तो पंडाल और प्रतिमा पर इस बार का बजट 15 लाख है। पिछले बार का बजट 12 लाख था। हर साल की तरह इस साल कुछ बेहतर बनाने की कोशिश कमेटी व पंडाल निर्माताओं द्वारा की गयी है। इस बार पंडाल कुछ खास रहेगा।

पंडाल की ऊंचाई ई 85 फीट और चौड़ाई 95 फीट होगी। इसके लिए बिहार शरीफ से कारीगर को बुलाया गया है। कारीगर राजू व इनके अन्य सहयोगी दिन-रात पंडाल बनाने में जुटे हैं। कमेटी के उपाध्यक्ष विजय चौधरी, रामप्रकाश, अंकित कुमार तिवारी, अविनाश कुमार व कार्यकर्ता राहुल बाबा, मनीष, अंकित, सोनू, सिटी, मुन्ना अमित यादव,कर्ण व प्रिन्स ने बताया कि लाइट की व्यवस्था देख लोग आश्चर्यचकित रह जायेंगे।

अनाइठ मठिया के समीप प्रतिमा स्थापना वर्षों पूर्व से की जाती रही है। कमेटी के अनुसार वर्ष 1970 से यहां पूजा की जाती रही है। हाल के दिनों में भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। प्रतिमा का निर्माण स्थानीय मुन्ना मिस्त्री कर रहे हैं। इनके द्वारा प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

