वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि अर्थव्यवस्था दूसरी छमाही में पटरी पर लौटेगी, क्योंकि खपत और मांग बढ़ रही है। बैंक ज्यादा कर्ज भी बांट रहे हैं। निजी बैंकरों, वित्तीय संस्थानों के साथ बैठक के बाद सीतारमण ने कहा कि बैंकों के पास पूंजी की कोई कमी नहीं है और कर्ज की मांग भी पर्याप्त है। बैंकों की ओर से अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वित्त वर्ष की पहली तिमाही में विकास दर महज पांच फीसदी रही है। वहीं पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक यानी पीएमसी मामले को लेकर वित्त मंत्री ने कहा कि अभी भारतीय रिजर्व बैंक इस मामले को देख रहा है। 60 फीसदी से ज्यादा बैंक के ग्राहकों को राहत दी गई है। आरबीआई अभी बेहतर तरीके से इसे संभाल रहा है। आगे जरूरत पड़ेगी तभी सरकार दखल देगी।

कोटक महिंद्रा बैंक के एमडी उदय कोटक ने कहा कि कॉरपोरेट कर में कटौती के बाद निजी निवेश बढ़ेगा और बैंक इसमें पूरी मदद करेंगे। सूक्ष्म वित्त इकाइयों के प्रमुखों ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर कर्ज की मांग है, जिसे वे पूरा कर रहे हैं। अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन के लिए कंपनी कर में कटौती समेत बड़े कदमों के बीच वित्त मंत्री ने निजी बैंकों के साथ यह बैठक की है। सरकारी बैंकों के साथ पिछले हफ्ते बैठक हो चुकी है।

अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था की तकनीकी प्रणाली संभालने वाले जीएसटी नेटवर्क ने गुरुवार से ऑनलाइन रिफंड की शुरुआत कर दी। जीएसटी परिषद ने कंपनियों के रिफंड की इस व्यवस्था को मंजूरी दी थी। ऑनलाइन रिफंड की शुरुआत के साथ करदाता अब ऑनलाइन रिफंड एप्लीकेशन आसानी से दाखिल कर सकते हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि सरकार सही समय आने पर आयकर छूट सीमा बढ़ाने के बारे में निर्णय लेगी। सरकार ने कॉरपोरेट कर की दर को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद से मांग और खपत को बढ़ावा देने के लिए आयकर छूट की सीमा बढ़ाने की आवाजें उठ रही हैं।
