जकार्ता (एएनआई)। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से पंगकल पिनांग के लिए जा रही लॉयन एयर फ्लाइट JT-610 टेक ऑफ करने के 13 मिनट बाद क्रैश हो गया है। चैनल न्यूज एशिया के अनुसार प्लेन में क्रू और यात्रियों को मिलाकर 189 लोग सवार थे। इंडोनेशिया के अधिकारियों ने बचाव के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सोमवार सुबह जब विमान ने उड़ान भरी, तो उसके 13 मिनट बाद ही इसका संपर्क टूट गया था। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अब समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इंडोनेशिया के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि विमान क्रैश हो गया है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
ये विमान JT610 था, जिसने सुबह 6.20 बजे उड़ान भरी थी, इसे 7.20 पर लैंड करना था। हालांकि, 6.33 पर ही ये क्रैश हो गया। विमान का संपर्क जिस समय टूटा उस दौरान अचानक उसकी ऊंचाई में करीब 2000 फीट की कमी आई।
विमान लापता होने के बाद से ही सर्च अभियान जारी है, समुद्र के कुछ हिस्से में अभी प्लेन की कुर्सियां व अन्य हिस्सा मिलना भी शुरू हो गया है।