
शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य योजना के तहत शनिवार को हाईस्कूलों में आयोजित होने वाले विशेष सत्र तथा एमएचएम से जुड़ी तमाम गतिविधियों को लेकर अब स्कूलों से नियमित रिपोर्ट लेगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना पदाधिकारी संजय सिंह ने इसी शुक्रवार को एमएचएम के कार्यान्वयन की रिपोर्ट देने का निर्देश सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दिया है।

किशोरी स्वास्थ्य के इस महत्वपूर्ण पहलू की प्रगति पत्रक सभी हाइस्कूलों को न सिर्फ भरनी होगी बल्कि हर तीन महीने पर इसकी रिपोर्ट एमएचएम बिहार की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। 4 अक्टूबर को बीईपी निदेशक द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 1 से 15 अक्टूबर, फिर 1 से 15 जनवरी और उसके बाद 1 से 15 मार्च 2020 को एमएचएम की त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट सभी विद्यालय ऑनलाइन देंगे। गौरतलब हो कि माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम का सभी माध्यमिक विद्यालयों में संचालन के लिए बीईपी ने हर जिले से 4-4 साधनसेवियों (मास्टर ट्रेनर) का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण अप्रैल-मई माह में कराया था। इन मास्टर ट्रेनरों को हर विद्यालय की एक-एक नोडल शिक्षिका को प्रशिक्षित करना था।
