#JHARKHAND #INDIA : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) स्कूल के बच्चे अब महीने में एक दिन खादी के कपड़े पहनेंगे। इस संबंध में सीबीएसई के सचिव की ओर से सभी स्कूलों को निर्देश जारी किया गया है। सभी स्कूलों से शिक्षकों-विद्यार्थियों से सप्ताह, पखवाड़े या महीने में कम से कम एक दिन खादी वस्त्र पहनने की की बात कही गई है। यह पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा। इसके लिए स्कूल पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं होगा।

बोर्ड के सचिव की ओर से स्कूलों को लिखे पत्र में कहा गया है कि खादी सेहत के लिए बेहतर होता है। यह न केवल सेहत के लिए फायदेमंद है बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के लाखों लोगों को रोजगार भी मिलेगा। देश की एकता और समानता को बढ़ावा देने में भी खादी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा है कि खादी हाथ से बुना हुआ होता है, इसलिए यह स्किन फ्रेंडली भी होता है। ग्रामीण जनजीवन से जुड़ा होने के कारण कई लोगों का व्यवसाय भी इससे जुड़ा हुआ है।

एसेसरिज का भी कर सकते हैं इस्तेमाल
पत्र में यह भी कहा गया है कि अगर स्कूल के प्राचार्य चाहें तो विद्यार्थी स्कूल ड्रेस के साथ ही खादी की ही बनी एसेसरीज भी प्रयोग कर सकते हैं। सीबीएसई की इस पहल का उद्देश्य खादी को बढ़ावा देना है।
