बिहटा. नेउरा ओपी के एक गांव में रविवार की देर रात घर में अकेली सो रही 15 वर्षीया किशोरी से पड़ोस में रहनेवाले दो युवकों ने उसका मुंह बंदकर उससे गैंगरेप किया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों पीड़िता को किसी से शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के दरम्यान उसके घर में कोई मौजूद नहीं था। उसके माता-पिता किसी की काम से बाहर गए हुए थे।
घटना की सूचना पर जब वे घर पहुंचे तो पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर सभी सिहर गए। उनलोगों ने तत्काल नेउरा ओपी में कॉल कर इसकी जानकारी दी। गैंगरेप की सूचना के बाद नेउरा पुलिस ने बिहटा के थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा।
आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता का हुआ मेडिकल टेस्ट : बिहटा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णा ठाकुर के बेटे सुधीर एवं मंजू साह के बेटे छोटू कुमार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। दोनों को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
पहले भी छेड़खानी कर चुके हैं दोनों : पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि पूर्व में भी दोनों उसके साथ छेड़खानी करते रहे हैं, लेकिन डर के मारे कभी उसने अपनी मां व पिता से इसका जिक्र नहीं किया।