फर्जीवाड़ा : 6 लाख लोगों ने राशन के लिए जुड़वाया नाम, 96 हजार कार्ड रद्द, एक लाख परिवारों को नोटिस

राशन कार्ड बनवाने में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का मामला उजागर हुआ है। पटना जिले में वैसे लोगों ने भी राशन कार्ड बनवाया, जो इसकी पात्रता नहीं रखते थे। पक्के मकान, चारपहिया-दोपहिया वाहन सहित अन्य सुविधाएं जिन लोगों के पास थीं, उन लोगों ने भी कार्ड बनवाया है। एसईसीसी डाटा वेरिफिकेशन में पाए गए ऐसे सभी अपात्र परिवारों का राशन कार्ड रद्द किया जाएगा।

अब तक 1 लाख 43 हजार 116 परिवारों के 6 लाख 2 हजार 526 लाभुकों को अपात्र चिह्नित किया गया है। इनमें 1 लाख 19 हजार 193 परिवारों को नोटिस दिया गया है और 96176 लाभुकों का राशन कार्ड रद्द किया गया है। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि सभी अपात्र परिवारों का राशन कार्ड रद्द करने का काम किया जा रहा है।

गड़बड़ी में सबसे आगे पटना सिटी अनुमंडल : जिले के छह अनुमंडलों में से सबसे अधिक पटना सिटी अनुमंडल में 45420 लाभुकों का राशन कार्ड रद्द किया गया है। यहां 53 हजार 50 परिवारों के 2 लाख 13 हजार 5 लाभुकों को अपात्र चिह्नित किया गया है। वहीं पटना सदर अनुमंडल में अबतक 28,848 लाभुकों का राशन कार्ड रद्द किया गया है। नए राशन कार्ड के लिए आए आवेदनों में भी फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। राशन कार्ड के लिए योग्यता नहीं रखने वालों का आवेदन रद्द किया गया है। उनका राशन बंद कर दिया गया है।

42 हजार आवेदन अस्वीकृत : नए राशन कार्ड के लिए जिले में 1 लाख 23 हजार 802 लोगों ने आवेदन दिया था। इनमें से 42,337 आवेदनों को विभिन्न तरह की त्रुटि और पात्रता नहीं रखने के कारण रिजेक्ट किया गया है। अबतक 38,674 राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनमें से 18,766 का वितरण किया जा चुका है। नए राशन कार्ड के लिए आए 123802 आवेदनों में से 38297 स्वीकार किए गए हैं।

राशन कार्ड का वितरण

बाढ़ अनुमंडल : जारी : 9540, वितरित : 5281

दानापुर : जारी : 4764, वितरित : 3115

मसौढ़ी :  जारी : 4340, वितरित : 2213

पालीगंज : जारी : 6850, वितरित : 2882

पटना सिटी  : जारी : 4802, वितरित : 2150

पटना सदर : जारी : 8378, वितरित : 3125

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading