किंग कोहली के नाम से मशहूर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ने और नए रिकॉर्ड्स बनाने में माहिर हो चुके हैं। तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट असोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। कप्तान विराट कोहली ने मैच के दूसरे दिन डबल सेंचुरी जड़ डाली है। भारत की ओर से सबसे ज्यादा डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड अब विराट कोहली के नाम दर्ज हो गया है। विराट कोहली ने इस मामले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है।

वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर दोनों के खाते में छह-छह डबल सेंचुरी हैं, वहीं विराट कोहली का ये सातवां दोहरा शतक है। विराट कोहली ने मैच के दूसरे दिन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है। विराट ने पहले अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर और फिर रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम को काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। वहीं दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के लिए दूसरा दिन अभी तक काफी निराशाजनक रहा है। भारत ने पहले किन तीन विकेट पर 273 रन बनाए थे और अब चार विकेट पर 550 से ज्यादा रन बना लिया है। विराट के सात दोहरे शतकों में से छह दोहरे शतक होम ग्राउंड पर बने हैं।

विराट ने इससे पहले दिल्ली, मुंबई, नागपुर, इंदौर, हैदराबाद में दोहरे शतक जड़े थे, जबकि एक डबल सेंचुरी उन्होंने वेस्टइंडीज में जड़ी है। विराट ने इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में 7000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। भारत की ओर से सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में विराट दिलीप वेंगसरकर से आगे निकल चुके हैं और अब वो सातवें नंबर पर हैं। विराट से आगे सचिन तेंदुलकर (15921 रन), राहुल द्रविड़ (13265), सुनील गावस्कर (10122), वीवीएस लक्ष्मण (8781), वीरेंद्र सहवाग (8503) और सौरव गांगुली (7212) हैं। विराट इस सीरीज के दौरान सौरव गांगुली से भी आगे निकल सकते हैं।
