#BIHAR #INDIA : बरसात का पानी निकल जाने के बाद स्कूल तो खोल दिये गये है, लेकिन गंदगी अब भी काफी है। ऐसे में डेंगू और चिकनगुनिया से बच्चों को बचाया जा सके, इसके लिए सभी विद्यार्थियों को फुल पैंट और फुल शर्ट के यूनिफार्म में स्कूल आने का आदेश पटना जिलाधिकारी कुमार रवि ने दिया है। सभी स्कूलों को सोमवार से इसे लागू करना है।

वहीं, छात्राओं को स्कर्ट की जगह सलवार और फुल बाजू का कुर्ता पहनने का निर्देश दिया गया है। ज्ञात हो कि राजधानी समेत पूरे जिले में डेंगू और चिकनगुनिया का प्रकोप है। स्कूलों ने डीएम के आदेश को सभी अभिभावकों को भेजना शुरू कर दिया है। अभिभावकों को रविवार को नये यूनिफार्म खरीदने को कहा गया है। सोमवार से सभी बच्चे फुल यूनिफार्म में स्कूल जाएंगे। ज्ञात हो कि डेंगू के एडिस मच्छर दिन में काटते हैं। स्कूल सुबह से दोपहर तक चलते हैं। ऐसे में स्कूल परिसर में बच्चों को इस मच्छर से बचाया जा सके, इसके लिए पूरे कपड़े में बच्चों को रखा जायेगा।

डीएम कुमार रवि ने दिया निर्देश
डीएम कुमार रवि ने स्कूलों के प्राचार्यों व संचालकों को निर्देश दिया है कि बच्चों को डेंगू से बचाव के लिए ठोस उपाय करें। स्कूलों के आसपास सफाई रखें। यदि किसी बच्चे में डेंगू का लक्षण दिखता है तो उसे तत्काल निकटवर्ती अस्पताल ले जाएं। इसकी सूचना सिविल सर्जन को दें। डीएम ने कहा है कि डेंगू से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। निगम फॉगिंग करा रहा है तो स्थानीय पार्षद अपनी देखरेख में कराएं। जलजमाव वाले इलाके में फॉगिंग करने को कहा गया है। इसके अलावा सभी स्कूलों को साफ-सुथरा रखने का निर्देश सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया है। स्कूल परिसर में जमा पानी और गंदगी पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव डीईओ को नियमित करवानी है।

Source : live hindustan