#DELHI #INDIA : भाजपा शासित नगर निगमों ने विधानसभा चुनावों से पहले दिल्लीवालों को दिवाली का बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली में अब भवन निर्माण के लिए 500 वर्ग मीटर तक के प्लॉट के नक्शे ऑनलाइन पास किए जाएंगे। दिल्लीवालों को नक्शे पास कराने के लिए अब नगर निगमों के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे।

नक्शा पास कराने के लिए एक आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भरना होगा और इस प्रक्रिया में नगर निगम कार्यालय और उनके अधिकारियों का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। इसके लिए दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने एक डैशबोर्ड विकसित किया है, जहां नागरिक अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा सारा भुगतान और उसका हिसाब ऑनलाइन कैलकुलेटर के माध्यम से किया जा सकेगा। यह कदम दक्षिणी निगम के नेतृत्व में तीनों निगमों द्वारा ‘ईज ऑफ डूइंग’ के तहत भवन निर्माण के नक्शा पास करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है।

मंगलवार को दिल्ली के एलजी अनिल बैजल ने तीनों निगमों के महापौर और आयुक्तों की उपस्थिति में इंजीनीयर/आर्किटेक्ट द्वारा 500 वर्ग मीटर तक के रिहायशी भवनों की स्वीकृति के विकास मोडयूल को शुरू किया। इससे पहले 105 वर्ग मीटर के रिहायशी भवन के प्लान की स्वीकृति के लिए स्वयं या आर्किटेक्ट का प्रमाण पत्र का प्रावधान रखा गया जोकि अब 500 वर्ग मीटर के रिहायशी भवनों पर भी लागू होगा।
