
SAMASTIPUR : समस्तीपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए लूट की योजना बना रहे 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, 12 कारतूस, 5 मोबाइल फोन और 3 बाइक भी जब्त किया है.
सदर डीएसपी ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आए सभी शातिर अपराधियो का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है. इनमें से कई समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर जिले में लूट और डकैती जैसे मामलों में वांछित रहे हैं. सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि मथुरापुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी अपराध की योजना बना रहे हैं जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी चौक के पास से इन सभी अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
पकड़े गए अपराधियों में चकमेहसी थाना क्षेत्र के मनोज दास, कल्याणपुर के बांकीपुर गांव का रहने वाला उदय राय, अकबरपुर बिरसिंहपुर के वीरेंद्र कुमार राय, वारिसनगर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव का सुनील राय, मथुरापुर ओपी के दौलतपुर संजय कुमार शामिल हैं. पुलिस सभी अपराधियों से पूछताछ कर रही है.