
PATNA : शराबबंंदी को लेकर पुलिस लगातार जगह-जगह छापेमारी कर रही है। लगातार छापेमारी कर शराब के सौदागरों को पकड़ा जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को पटना पुलिस को खबर मिली कि अगमकुआं इलाके में शराब की डिलीवरी होनेवाली है। ट्रक से माल आनेवाला है। कई कार्टून शराब की सूचना थी।

शराब के सौदागरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। सादे ड्रेस में पुलिस के जवान इलाके में मौजूद हो गये। तभी पुलिस को सूचना मिली कि अगमकुआं के एनआरएल पेट्रोल पम्प के समीप संदिग्ध हालत में एक ट्रक खड़ी है।
पुलिस ने ट्रक को घेर लिया और तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान 350 पेटी अंग्रेजी शराब की खेप के साथ एक युवक उस्मान मियां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उस्मान ने बताया कि वो लोग पंजाब से शराब लेकर पटना पहुंचे थे। यहां पर इसकी डिलीवरी करनी थी। ट्रक पर पंजाब का नंबर अंकित है। शराब के सौदागरों ने अपने जानते बड़ी सावधानी बरती थी।

शराब की खेप के ऊपर मवेशी का चारा डाल दिया गया था ताकि पुलिस को धोखा दिया जा सके। लेकिन ट्रक चालक की संदिग्ध हरकतों से पुलिस को शक हुआ और शराब सौदागर पकड़ा गया।