महात्मा गांधी के 150वें जयंती वर्ष पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पीएम नरेंद्र मोदी के आवास पर पहुंचे । इस खास कार्यक्रम में शाहरुख खान, आमिर खान, कंगना रनौत समेत कई सेलेब्स नजर आए। सोशल मीडिया पर इन सभी सितारों की पीएम मोदी के साथ सेल्फी वायरल हो रही है ।

इस बीच साउथ की एक मशहूर एक्टर और राजनेता खुशबू सुंदर ने कार्यक्रम में सिर्फ बॉलीवुड हस्तियों को बुलाने पर सवाल उठाए हैं । उन्होंने टि्वटर पर अपनी नाराजगी जाहिर की । उन्होंने लिखा, ‘बीती शाम को भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज सितारे पीएम नरेंद्र मोदी से मिले ।’

पीएमओ इंडिया को टैग कर खुशबू ने आगे लिखा, ‘मैं आपको याद दिलाना चाहती हूं कि देश की अर्थव्यवस्था में सिर्फ बॉलीवुड ही योगदान नहीं करती हैं। इसमें साउथ सिनेमा का भी बहुत बड़ा हाथ है । दक्षिण भारतीय सिनेमा विश्व स्तर पर हमारे देश का प्रतिनिधित्व करता है। सबसे अच्छी प्रतिभा दक्षिण भारत से आती है।’

‘सबसे बड़े सुपरस्टार दक्षिण भारत से आते हैं। भारत के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता दक्षिण भारत के हैं। सर्वश्रेष्ठ तकनीशियन दक्षिण भारतीय हैं। तो दक्षिण उद्योग को आमंत्रित क्यों नहीं किया गया? यह असमानता क्यों?’
