#UP : विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

#UP #INDIA : उत्तर प्रदेश विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो चुके हैं। मैदान में कुल 109 प्रत्याशी हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र परिसर में जितने भी वोटर लाइन में लगे होंगे, उन्हें वोट देने का मौका मिलेगा। विस की सहारनपुर जिले की गंगोह, रामपुर, अलीगढ़ जिले की इगलास सुरक्षित, लखनऊ कैंट, कानपुर नगर की गोविंद नगर, चित्रकूट जिले की मानिकपुर, प्रतापगढ़, बाराबंकी जिले की जैदपुर सुरक्षित, अम्बेडकरनगर की जलालपुर, बहराइच की बलहा सुरक्षित और मऊ जिले की घोसी सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि संवेदनशील बूथों पर सतर्कता बरतते हुए 429 बूथों पर मतदान की वेबकास्टिंग भी कराई जाएगी। पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बलों और पुलिस की तैनाती की गयी है। इस उपचुनाव के मतदान में 41,08,328 वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22,13,466 पुरुष और 18,94,724 महिला तथा 138 तृतीय लिंग के वोटर हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों में से भाजपा, बसपा, कांग्रेस, सपा, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया मार्क्सवादी ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार उपचुनाव में कुल 4529 पोलिंग बूथ और 2307 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। मतदान पर सतर्क निगाह रखने के लिए चुनाव आयोग ने 11 सामान्य प्रेक्षक, 11 व्यय प्रेक्षक तैनात किये हैं। इनके अलावा 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं। इस उपचुनाव में मतदान के लिए कुल 5435 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट, 5435 बैलेट यूनिट और 5888 वीवीपैट लगाये गये हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading