#BIHAR #INDIA : सहरसा-पूर्णिया रेलखंड पर मंगलवार की शाम से ट्रेनों की स्पीड बढ़कर 100 किमी प्रति घंटा हो गई। सहरसा स्टेशन से सौ की रफ्तार में चलने वाली पहली ट्रेन जनसेवा एक्सप्रेस हुई।

अमृतसर से आकर सहरसा से बनमनखी के लिए यह ट्रेन खुली। इससे पहले समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीईएन थ्री मयंक अग्रवाल और सहायक मंडल अभियंता मनोज कुमार के निर्देश पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ सुनील कुमार ने सौ की रफ्तार से ट्रेन चलाने के लिए फिट दिया। एसएसई रेलपथ ने सौ किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाने के संबंध में सहरसा के एसएस नीरज चन्द्र को मेमो दिया। वहीं एसएसई रेलपथ प्रमोद कुमार ने बनमनखी के एसएस को मेमो दिया। बताया जा रहा है कि सहरसा-पूर्णिया रेलखंड पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ जाने के बाद भी ट्रेन अभी निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक ही स्टेशनों से खुलेगी।

वैसे स्पीड बढ़ने के कारण ट्रेन स्टेशन पर निर्धारित समय से पहले पहुंच जाएगी। ट्रेन स्टेशनों पर ठहराव समय से अधिक रोककर चलाई जाएगी। बदली जाने वाली समय सारिणी आने के बाद ट्रेन परिचालन में समय की बचत होगी। सूत्रों की माने तो एक घंटा या उससे अधिक समय की बचत हो सकती है। बता दें कि बीते 16 अक्टूबर को ही स्पीड ट्रायल के बाद ईसीआर के प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर के. डी. रल्ह ने सहरसा-पूर्णिया रेलखंड पर 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेन परिचालन करने का आदेश दिया था।
