
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ गठबंधन होने के बाद भाजपा हरियाणा में नई सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 10 सीट हासिल की है। सत्तारूढ़ भाजपा ने उपमुख्यमंत्री का पद जजपा को देने की पेशकश की है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार (25 अक्टूूबर) को नयी दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि मुख्यमंत्री उनकी पार्टी का होगा और उपमुख्यमंत्री का पद क्षेत्रीय पार्टी को दिया जाएगा।


किसी पार्टी को नहीं मिला बहुमत, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
राज्य विधानसभा चुनाव में किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है, हालांकि भाजपा 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। चुनाव नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी अगली सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत के आंकड़े से छह सीट पीछे रह गई। चुनाव में कांग्रेस को 31 सीटों पर जीत मिली है, जबकि जननायक जनता पार्टी (जजपा) को 10 और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) को एक-एक सीट मिली हैं। स्वतंत्र उम्मीदवारों ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है।
