#BIHAR #INDIA : सहरसा सहित समस्तीपुर मंडल के 14 स्टेशनों के बाहर यात्री टिकट सुविधा केन्द्र खुलेगा। जिसमें आरक्षित और अनारक्षित दोनों टिकट बनाए जाएंगे। टिकट रिजर्वेशन काउंटर पर बनने वाले टिकट की तरह ही होगा। रेलवे तीन साल के लिए ठेका देकर यात्री टिकट सुविधा केन्द्र का संचालन प्रायवेट व्यक्ति से कराएगा। रेल वाणिज्य विभाग के मुताबिक स्टेशन परिसर से बाहर आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर अधिक से अधिक संख्या में खुलवाकर यात्रियों को कतार में लगने की झंझट से निजात दिलाने की कोशिश की जाएगी। समस्तीपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र कुमार ने यात्री टिकट सुविधा केन्द्र के लिए आवेदन पत्र गिराने की अंतिम तिथि चार नवंबर निर्धारित की है। बता दें कि सहरसा में अभी एक यात्री टिकट सुविधा केन्द्र (वाइटीएसके) पहले से उपलब्ध है। नया ठेका फाइनल होने के बाद इसकी संख्या बढ़ेगी।

समस्तीपुर दरभंगा सहित अन्य स्टेशनों के बाहर भी खुलेंगे यात्री टिकट सुविधा केन्द्र
समस्तीपुर, दरभंगा, बेतिया, जयनगर, मधबुनी, नरकटियागंज, रक्सौल, सगौली, बगहा, चकिया, सकरी, मोतिहारी और सीतामढ़ी स्टेशन के बाहर भी यात्री टिकट सुविधा केन्द्र खुलेगा। जिसमें आरक्षित और अनारक्षित टिकट बनाए जाएंगे। यात्री टिकट सुविधा केन्द्र में आरक्षित और अनारक्षित टिकट बनाने में लोगों को अतिरिक्त शुल्क देने होंगे। स्लीपर कोच के टिकट के लिए तीस रुपये और एसी ( वातानुकूलित) के लिए चालीस रुपये टिकट पर लिखी कीमत से अधिक देने पड़ेंगे। वहीं प्रति अनारक्षित (जनरल) टिकट पर दो रुपये अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।

