बॉलीवुड डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर दी है। फिल्म का टाइटल ‘बैजू बावरा’ है। यह फिल्म दिवाली के मौके पर साल 2021 में रिलीज होगी। बता दें ‘बैजू बावरा’ म्यूजिक लेजंड मैवरिक मैस्ट्रो के बदला लेने की कहानी पर आधारित होगी।
अभी कुछ दिन पहले ही भंसाली ने आलिया भट्ट के साथ गंगूबाई कठियावाड़ी की घोषणा की थी। यह फिल्म अगले साल 11 सितंबर को रिलीज होगी।
गंगूबाई मुंबई के हीरामंडी नाम की जगह कोठा चलाती थीं। साथ ही वह देश के विभिन्न शहरों में फ्रेंचाइजी कोठे खोलने वाली वह पहली पेशेवर महिला थीं। कहा जाता है कि 60 के दशक में गंगूबाई का ऐसा दबदबा था कि कोई भी उनसे मुसीबत मोल लेने से डरता था।
गंगूबाई का असल नाम गंगा हरजीवनदास काठियावाड़ी था। वह गुजरात के काठियावाड़ से ताल्लुक रखती थीं। गंगा, गुजरात के एक समृद्ध परिवार से थीं जो मुंबई आकर हीरोइन बनना चाहती थीं। 16 साल की उम्र में ही गंगा अपने पिता के अकाउंटेंट के प्यार में पड़कर मुंबई चली आई और शादी कर ली। हालांकि कुछ दिनों बाद उनके पति ने 500 रुपये के लिए उन्हें एक कोठे पर बेच दिया।