#PATNA #BIHAR #INDIA : पीएमसीएच में दीपावली में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई। रविवार की रात से ही मरीजों का आना शुरू हुआ। सोमवार की सुबह यानी दीपावली के एक दिन बाद सुबह पीएमसीएच में इतने मरीज बढ़ गए कि बेड के अलावा फर्श पर भी गद्दा डालकर उपचार किया गया।

दोपहर में इतने मरीज बढ़े कि फर्श भी कम पड़ गया। बाद में मरीजों को विभिन्न वार्डों में भेजा गया। पीएमसीएच की इमरजेंसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा अभिजीत सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम तक छह सौ से भी अधिक मरीज भर्ती कराए गए। दीपावली के कारण छोटे प्राइवेट अस्पताल बंद होने से मरीज पीएमसीएच में आने लगे। इमरजेंसी में सौ बेड है लेकिन छह सौ से भी अधिक मरीज भर्ती किए गए। किसी प्रकार मरीजों को उपचार के लिए व्यवस्था बनाई गई। यह स्थिति पिछले एक पखवारे से बनी हुई है। पीएमसीएच में मरीजों की संख्या बेड से चार से पांच गुना अधिक हो रही है।

