#PATNA #BIHAR #INDIA : राजधानी पटना के जीपीओ गोलंबर पर दुकान लगाने वाले सूरज ने इस बार दो लाख रुपए का दउरा और सूप खरीदा है। सूरज को उम्मीद है कि एक-डेढ़ लाख रुपए का मुनाफा हो जाएगा। इसी तरह, बाजार समिति में भी रोज करीब पौने दो सौ ट्रक केला दूसरे राज्यों से आ रहा है। यहां से पटना सहित पूरे राज्य के बाजारों में केला भेजा जा रहा है। शहर के सभी प्रमुख बाजारों में एक बार फिर रौनक बढ़ गई है। फलों के साथ ही सूप-डाला, मिट्टी के बर्तन, नारियल, गागर नींबू आदि की दुकानें सड़क किनारे सज गई हैं। बेहतर कारोबार की उम्मीद में व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं।बाजार समिति, मीठापुर, महेंद्रू, दीघा, राजाबाजार, आयकर गोलंबर, जीपीओ, पटना सिटी के माहरूफ गंज मंडी आदि में भीड़ बढ़ने लगी है। छठ पूजा की खरीदारी के लिए इन बाजारों में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। एक समय ऐसा आता है कि यहां पैर रखने की जगह नहीं बचती।


