#PATNA : केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव झांकी-झुकी…, सोना सटकुनिया हो दीनानाथ…

#PATNA #BIHAR #INDIA : कहा जाता है कि जब शारदा सिन्हा के छठ गीत बजने लगे तो समझिए छठ आ गया है, यानी छठ गीत और शारदा सिन्हा एक-दूसरे के पर्याय हो गए हैं। ऐसे में शारदा सिन्हा छठ को लेकर क्या सोचती हैं, वे गीतों के जरिए छठ का अर्घ्य कैसे देती हैं, छठ से जुड़ी उनकी यादें कौन-कौन-सी हैं, यह जानना दिलचस्प होगा। आप भी पढ़िए छठ को लेकर वे क्या कह रही हैं…।

छठ का नाम सुनते ही भावनाओं में बहने लगती हूं। बैठे-बैठे गाने लगती हूं- केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव झांकी-झुकी…, सोना सटकुनिया हो दीनानाथ…। विश्वास कीजिए, ये छठ गीत कभी पुराने नहीं होंगे। समय के साथ सब कुछ बदला है, लेकिन प्रकृति का यह पर्व उसी रूप में चलता आ रहा है। न इसके गीत बदले, न इसके प्रसाद। अब जब प्रसाद की बात हो रही है, तो मुझे अपना बचपन याद आ रहा है। छठ के प्रसाद के लिए कैसे होड़ लगती थी। ठेकुआ या अंकुरित चना पाकर हम सब बच्चे कितने खुश होते थे, बता नहीं सकती। छठ पर्व पर हम सब बच्चों को नये-नये कपड़े मिलते थे।

मुझे याद है, मैं छठी कक्षा में थी। मुझे जिद थी कि पॉकेट वाला फ्रॉक चाहिए और आखिर में मुझे मिला भी। पीला-नीला का कॉम्बिनेशन वाला फ्रॉक, जिसे पहनकर मैं खूब इठला रही थी। कुछ भी नहीं भूली हूं। सब कुछ याद है। मेरी नानी छठ करती थी। उस साल नानी ने कहा कि अबकी बार पटना के घाट पर छठ करूंगी। फिर क्या था, घर में तैयारियां शुरू हो गई। आज का जमाना नहीं था कि हर सामान फटाफट मिल जाए। उस समय छठ के लिए बहुत तैयारियां करनी पड़ती थीं। मेरी ममेरी बहन, उन दिनों पीएमसीएच की स्टूडेंट थी। उन्होंने कहा कि सब लोग पटना आइए और फिर पूरा परिवार उठ कर पटना आ गया। किराए पर रूम लिया गया और छठ की तैयारियां शुरू हो गईं। सोचिए छठ करने के लिए एक महीने पहले किराये का रूम लिया गया था खजांची रोड में। पहली बार पटना की छठ देखने का मौका मिला।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.