#PATNA : देश के पहले मॉडर्न खादी मॉल का मुख्यमंत्री आज करेंगे उद्घाटन  

#PATNA #BIHAR #INDIA : देश के पहले मॉडर्न खादी मॉल में लोगों को बिहार में उत्पादित सभी प्रकार के खादी वस्त्र व ग्रामोद्योग से जुड़ी चीजें एक छत के नीचे मिल सकेंगी। राजधानी के पूर्वी गांधी मैदान के पास मंगलवार की सुबह उद्घाटन के बाद ही बिक्री शुरू हो जाएगी। नए डिजाइन में बनाये गये खादी मॉल की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां पहली बार बच्चों के लिए भी खादी के कपड़ों संग बिहार के मशहूर उत्पाद भी लोगों को मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को सुबह 11.30 बजे पूर्वी गांधी मैदान स्थित नवनिर्मित बिहार खादी मॉल का उद्घाटन करेंगे। खादी के नाम पर खोले जाने वाला यह देश का पहला सबसे बड़ा मॉल होगा। इसमें राज्य की तमाम खादी संस्थाओं द्वारा उत्पादित खादी वस्त्रों की बिक्री होगी। सभी खादी वस्त्रों पर 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी। बिहार राज्य खादी बोर्ड द्वारा निर्मित मॉल के उद्घाटन अवसर पर सर्वप्रथम मुख्यमंत्री द्वारा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। फिर वे मॉल के तीनों तल का अवलोकन करेंगे।

शोरूम के मैनेजर रमेश कुमार ने बताया कि मॉल में स्त्री, पुरुषों और बच्चों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। यहां लोग कपड़े खरीद कर सिलवा भी सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिहार के सभी खादी संस्थान के द्वारा बने कपड़ों, ग्रामोद्योग के सामान समेत हैंडमेड सामान को भी जगह दी गई है। इनमें शिल्पकारी और मधुबनी पेंटिंग आदि शामिल हैं। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार मॉल में बिहार के सभी खादी संस्थानों से कपड़ों को मंगाकर शेल्फ में लगा दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार खादी मॉल में खादी व ग्रामोद्योग के सामानों के अलावा राज्य के मशहूर उत्पाद भी लोग खरीद सकेंगे। भागलपुर का मशहूर कतरनी चूड़ा व चावल के अलावा दरभंगा का मखाना भी मिलेगा। लोगों को परेव का कांसा का बर्तन भी मिलेगा। साथ ही दूसरे राज्यों के मशहूर खादी वस्त्र भी मिलेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.