#PATNA #BIHAR #INDIA : आकाशवाणी से गांधी मैदान की तरफ बढ़ने पर फ्रेजर रोड में दीवारों पर बनी मिथिला चित्रकारी सबका ध्यान खींचती है। अब कई जगहों पर पेंटिंग का रंग फीका पड़ने लगा है। कई जगह दीवार की पपड़ी झड़ने लगी है तो कुछ जगहों पर कूड़ा भी फेंका जा रहा है। लोग पेंटिंग पर विज्ञापन के पर्चे भी चिपका रहे हैं। मोइनुल हक स्टेडियम के मुख्य गेट सहित कई जगहों पर पोस्टर चिपके दिख रहे हैं। अब तो कई लोग पेंटिंग के आगे गंदगी भी फैलाते नजर आने लगे हैं। बुद्धमार्ग पटना जंक्शन इलाके के आसपास ऐसे दृश्य बिल्कुल आम हैं। पाटलिपुत्र खेल परिसर की दीवारों पर भी चित्रकारी की गई थी लेकिन कुछ दिनों के अंदर ही दीवार से सटे पथ निर्माण की ओर से फ्लावर बेड का निर्माण कर लगभग दो फीट ढंक दिया गया। बेड पर पौधरोपण कर शेष दीवार को ढंकने की योजना है।

अभियान के तहत रंगी गई कई दीवारों से पेंट का रंग धुंधला पड़ रहा है। जिस समय यह अभियान चल रहा था तब रंग-बिरंगे पेंट के बारे में निगम के अधिकारियों ने दावा किया था कि पेंट गुणवत्तापूर्ण हैं। इसका रंग अगले तीन से पांच सालों तक बरकरार रहेगा, खराब नहीं होगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद कई जगहों पर पेंट का रंग लगातार उतर रहा है। निगम से जुड़े लोग बताते हैं कि जलजमाव वाले इलाकों में लगातार पानी रहने और पेंटिंग की उपेक्षा के कारण रंग धुंधला रहा है। रंग बरकरार रखने के लिए दीवारों की धुलाई होनी चाहिए ताकि धूल ना जमे। अनदेखी से अब बदलते पटना की छवि धूमिल होने लगी है। लोगों का कहना है कि इस पर ध्यान देना चाहिए।

2018 छठ के मौके पर मिथिला संग मगध मुहिम शहर को गंदगी से बचाने के लिए शुरु की गई थी। पटना स्मार्ट सिटी के तहत यह अभियान शुरू किया गया। छठ में पहली बार गार्डिनर रोड अस्पताल के पास गंदगी साफ कर राम-सीता वाली मधुबनी पेंटिंग बनाई गई थी। छज्जूबाग सहित पूरे पटना की दीवारों को छह माह में पेंटिंग से रंग दिया गया। पटना की दीवारों पर परंपरागत चित्रकला के अतिरिक्त कई सामाजिक संदेश देने वाले चित्र भी बनाए गए। फिर पूरे शहर में इस अभियान को चलाया गया।
