धवन से निराश होकर सुनील गावस्कर ने कही ये बात

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रह चुके सुनील गावस्कर शिखर धवन से थोड़ा निराश हैं। उनका कहना है कि धवन को जल्द से जल्द अपनी खोई फॉर्म हासिल करने की जरूरत है, जो उन्हें लिमिटेड ओवर क्रिकेट में काफी असरदार बल्लेबाज बनाती है। 2019 विश्व कप में चोटिल होने के बाद धवन ने जब से वापसी की है वो अपनी फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे हैं। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 41 रन की पारी तो खेली, लेकिन इसके लिए उन्होंने 42 गेंदों का सामना किया। धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल में 40 गेंद पर 36 रनों की पारी खेली थी और इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी वो लय में नजर नहीं आए थे। सात मैचों में वो महज एक पचासा जड़ सके थे। गावस्कर का मानना है कि अगर बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के बाकी बचे दो मैचों में धवन फॉर्म में वापसी नहीं करते हैं, तो लोग उनके बारे में बात करना शुरू कर देंगे।

धवन को लेकर गावस्कर ने कही ये बड़ी बात

गावस्कर ने स्पोर्ट्स टॉक में कहा, ‘अगले दो मैचों में धवन अगर अच्छा नहीं खेलते हैं तो लोग उनके बारे में बातें करना शुरू कर देंगे। अगर आप 40-45 रन 100 के स्ट्राइक रेट से बनाते हैं, तो इससे टीम को कोई फायदा नहीं मिलेगा। उन्हें इस बारे में सोचना होगा। जब कोई खिलाड़ी ब्रेक से लौटता है तो उसे लय हासिल करने में समय लगता है।’

भारत को मजबूत करनी होगी अपनी टी20 रैंकिंग

पूर्व सलामी बल्लेबाज गावस्कर ने कहा कि टीम इंडिया को अपनी टी20 रैंकिंग सुधारनी होगी अगर वो टी20 विश्व कप जीतना चाहते हैं, जो अगले साल ऑस्ट्रेलिया में खेला जाना है। मौजूदा समय में आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में टीम इंडिया पांचवें पायदान पर है। आने वाले समय में टीम इंडिया को कुछ मजबूत टीमों के खिलाफ खेलना है और वो मुकाबले जीतकर टीम की रैंकिंग सुधर सकती है। गावस्कर ने कहा, ‘रैंकिंग में टीम इंडिया पांचवें पायदान पर है। अगर टीम दूसरे या तीसरे पायदान तक पहुंचना चाहती है तो उन्हें कुछ बड़े मैच जीतने होंगे। अगर वो ऐसा नहीं कर पाती तो उनके लिए टी20 विश्व कप जीतना आसान नहीं होगा।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading