#MAHARASHTRA #INDIA : महाराष्ट्र में चुनावी नतीजे आने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर सत्ता संग्राम जारी है। इस बीच ऐसी खबर भी आई कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। फिलहाल इस कयासबाजी पर खुद नितिन गडकरी का बयान आ गया है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट कर दिया कि वह महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जब उनसे एक सवाल किया गया कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद की रेस में उनका भी नाम है तो उन्होंने इससे साफ तौर पर इनकार कर दिया। मुख्यमंत्री पद के लिए चल रही अटकलों को विराम देते हुए नितिन गडकरी ने खुद कहा कि मेरा महाराष्ट्र में वापसी का कोई सवाल ही नहीं है। मैं दिल्ली में ही लगातार काम करता रहूंगा। साथ ही उन्होंने यह भी कह दिया कि देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री होंगे।

नागपुर में पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम में गए नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में सरकार गठन पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में जल्द ही शिवसेना और बीजेपी पर फैसला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवसेना के साथ हमारी बातचीत जारी है और शिवसेना का समर्थन बीजेपी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही सरकार बननी चाहिए।
