इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी Okinawa स्कूटर्स ने कम कीमत में नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। हाल ही में कई जगहों पर इस स्कूटर को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया गया था। कंपनी ने इस स्कूटर को महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रख कर लॉन्च किया है।

कंपनी के मुताबिक इस Okinawa Lite स्कूटर को उन लोगों के लिए उतारा गया है जो ज्यादा लंबी दूरी तय नहीं करते, मसलन वे स्कूल, कॉलेज या शॉपिंग के लिए इस स्कूटर का इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक स्कूटर न केवल यूजर फ्रेंडली है, बल्कि पॉकेट पर ज्यादा बोझ नहीं डालता।

इस स्कूटर में अलग हो सकने वाली लीथियम आयन बैटरी लगी हुई है। कंपनी इस स्कूटर की मोटर और बैटरी पर तीन साल की वारंटी दे रही है। इस स्कूटर में 250 वॉट की वाटरप्रूफ BLDC मोटर लगी है, जिसे 40 वोल्ट की 1.25 kWh की लीथियम आयन बैटरी पावर देती है।

यह बैटरी एंटी थेफ्ट फीचर के साथ आती है।कंपनी ने Okinawa Lite की एक-शोरूम कीमत 59,990 रखी है। इस स्कूटर में ऑटो हैंडल लॉक, ऑटो मोटर लॉक, बैटरी लॉक और मोबाइल चार्जिग जैसे फीचर मिलते हैं। इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा है और फुल चार्जिंग पर यह 50 से 60 किमी तक की दूरी तय कर लेता है।
