#MAHARASHTRA : जारी सियासी खींचतान के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बड़ा बयान

#MAHARASHTRA #INDIA : महाराष्ट्र में जारी सियासी खींचतान के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का ऐसा बयान आया है, जो एक ओर शिवसेना के लिए झटका है तो वहीं देवेंद्र फडणवीस के स्टैंड को बल मिला है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री पद साझा करने समेत विभागों के बराबर बंटवारे को लेकर उनकी पार्टी और शिवसेना के बीच कोई करार नहीं हुआ था। गडकरी के इस कथन से संकेत मिलता है कि सहयोगी शिवसेना के साथ मुख्यमंत्री पद को साझा नहीं करने के भाजपा के कड़े रुख में कोई नरमी नहीं आई है।

शुक्रवार को यहां पहुंचे भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने पहले संकेत दिया कि वह महाराष्ट्र में शिवसेना और उनकी पार्टी के बीच जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए हस्तक्षेप नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मेरी जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में विभागों के बराबर बंटवारे को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच में कोई करार हुआ नहीं था। उन्होंने कहा, “यहां तक कि दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने भी शिवसेना-भाजपा के बीच इस व्यवस्था पर जोर दिया था कि जिस पार्टी के निर्वाचित विधायकों की संख्या ज्यादा होगी, वह मुख्यमंत्री पद के लिए दावा करने की पात्र होगी।”शिवसेना ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद की अपनी मांग को उचित ठहराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक कथित वीडियो का इस्तेमाल कर रही है जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि सभी पदों का बराबर बंटवारा होगा।

हालांकि फडणवीस ने पिछले महीने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा और शिवसेना के बीच किसी तरह का करार नहीं हुआ था। फडणवीस के बयान ने उद्धव ठाकरे नीत पार्टी को आक्रोशित कर दिया था। अब गडकरी की ओर से भी यह बयान आने से लग रहा है कि शिवसेना और भाजपा के बीच तल्खियां और बढ़ जाएगी जो सरकार गठन को लेकर रस्साकशी में उलझे हुए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading